रतलाम। जिले के बिलपांक क्षेत्र के ग्राम नयाखेड़ा में मंगलवार को आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम के बाद एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 10 माह के मासूम बच्चे की तबीयत टीका लगने के कुछ समय बाद अचानक बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य बच्चा भी बीमार होने के बाद आईसीयू में भर्ती है।
मंगलवार को नयाखेड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के 10 माह के शिशु प्रियांशु, पिता धर्मेंद्र मालवीय, को भी टीका लगाया गया। परिजनों के मुताबिक टीका लगने के कुछ देर बाद ही बच्चे के हाथ-पैर ढीले पड़ने लगे और उसे उल्टियां होने लगीं। घबराए परिजन तुरंत उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे एमसीएच रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि टीकाकरण के बाद ही बच्चे की तबीयत बिगड़ी। बाल चिकित्सालय में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर बल्लूरी चांदरे ने भी माना कि टीका लगने के बाद एक बच्चे की हालत खराब हुई और उसकी मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
बताया जा रहा है कि उस दिन कुल चार बच्चों का टीकाकरण हुआ था। इनमें से दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी, जबकि दो अन्य बच्चे फिलहाल स्वस्थ हैं। जिस दूसरे बच्चे की हालत खराब हुई है, उसे उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद एमसीएच के आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उसकी निगरानी की जा रही है।
फिलहाल पूरे गांव में इस घटना के बाद दहशत और चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है और सभी की नजरें अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस मामले की सच्चाई सामने ला सकती है।

