साइलेंट अटैक से 13 साल की मासूम की मौत, स्कूल ग्राउंड में थम गई सांसें

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड अब बच्चों के लिए भी जानलेवा साबित होने लगी है। मंगलवार सुबह नवोदय विद्यालय मुलथान में कक्षा छठी की 13 वर्षीय छात्रा की स्कूल ग्राउंड में साइलेंट अटैक से मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान निशा, पिता राहुल सूर्यवंशी, निवासी ग्राम मुलथान के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रोज की तरह निशा सुबह पीटी करने के लिए अन्य बच्चों के साथ स्कूल के मैदान में पहुंची थी। करीब 7 बजकर 15 मिनट पर वह अचानक मैदान में ही गिर पड़ी। आसपास मौजूद बच्चों और शिक्षकों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल बदनावर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मौत के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कड़ाके की ठंड में खुले मैदान में पीटी करने के दौरान साइलेंट अटैक आने से बच्ची की जान गई।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे विद्यालय में शोक का माहौल है और स्कूल में आज का दिन गमगीन रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *