आगरा में 18 गायों की रहस्यमयी मौत, चारा खाने के बाद बिगड़ी हालत, प्रशासन अलर्ट

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के दूरा गांव में 18 गायों की अचानक मौत हो गई, घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

बताया जा रहा है कि दुर्वासागढ़ गौशाला की गायें रोज की तरह चारा खाने के लिए बाहर गई थीं, लेकिन चारा खाते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, कई गाय एक-एक कर गिरने लगीं और उनके मुंह से झाग निकलने लगा, देखते ही देखते 30 से ज्यादा गायें बीमार हो गईं और अब तक 18 की मौत हो चुकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही गौशाला में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

बीमार गायों का इलाज जारी है और करीब 12 गायों को वैक्सीनेशन दिया जा रहा है, जबकि मृत गायों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

पशु चिकित्सा अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा, प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *