ग्वालियर की 25 साल की शांभवी पाठक उड़ा रही थीं अजीत पवार का विमान, हादसे से पहले दादी को भेजा था आखिरी मैसेज

ग्वालियर। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का बुधवार को एक विमान हादसे में निधन हो गया। जिस चार्टर्ड विमान में वे सवार थे, उसे ग्वालियर की रहने वाली 25 वर्षीय पायलट शांभवी पाठक उड़ा रही थीं। इस दर्दनाक हादसे में शांभवी की भी मौत हो गई। हादसे के बाद शांभवी की दादी मीरा पाठक ने भावुक होकर बताया कि क्रैश से कुछ घंटे पहले शांभवी ने उन्हें एक मैसेज भेजा था।

शांभवी पाठक का जन्म ग्वालियर में हुआ था और उनका बचपन भी यहीं बीता। बसंत बिहार में रहने वाली उनकी दादी मीरा पाठक को शांभवी ने मुंबई से सुबह 6 बजकर 36 मिनट पर मैसेज किया था, जिसमें लिखा था “गुड मॉर्निंग दद्दा”। दादी ने मैसेज पढ़कर जवाब देने की तैयारी की, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी पोती का आखिरी संदेश होगा।

दादी को मैसेज करने के बाद शांभवी सीधे अपनी फ्लाइट के लिए रवाना हो गईं। सुबह करीब 8 बजे विमान हादसे का शिकार हो गया। ग्वालियर में शांभवी की दादी अब भी उसी घर में रहती हैं, जहां शांभवी की बचपन की तस्वीरें सजी हुई हैं। बताया गया कि शांभवी को बचपन से ही फाइटर प्लेन का बेहद शौक था और उनके पिता भी भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

शांभवी की दादी ने बताया कि उन्हें छोटे बेटे के जरिए इस हादसे की जानकारी मिली। घर में सभी शांभवी को प्यार से चीनी कहकर बुलाते थे। पोती की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दादी ने बताया कि शांभवी पायलट बनने का सपना लेकर न्यूजीलैंड गई थी और इतनी कम उम्र में उसने यह मुकाम हासिल किया था। उन्होंने कहा कि अगर 25 साल की उम्र में यही उसकी किस्मत थी, तो उसे स्वीकार करना ही पड़ेगा।

वहीं पड़ोसी उषा ने बताया कि उन्होंने शांभवी को बचपन से देखा था और आज यह विश्वास करना बेहद मुश्किल है कि चीनी अब हमारे बीच नहीं रही। पूरे इलाके में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *