जबलपुर। शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर डॉक्टर से 3 करोड़ की ठगी करने वाले मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है, इस केस में आरोपी मोहित पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और साइबर सेल व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने शेयर बाजार में निवेश पर 500 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का लालच देकर डॉक्टर को अपने जाल में फंसाया था, पहले से गिरफ्तार संस्कार केशरवानी और सौरभ विश्वकर्मा ने पूछताछ के दौरान मोहित पटेल का नाम उजागर किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यस बैंक में करंट अकाउंट खुलवाकर उसे मोटे कमीशन पर साइबर ठगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया था, इसी खाते के जरिए ठगी की बड़ी रकम ट्रांसफर की गई थी और पूरे फ्रॉड को अंजाम दिया गया।
मोहित पटेल गुमास्ता, एमएसएमई और इनकम टैक्स से जुड़े दस्तावेज तैयार करने का काम करता था और उस पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, फिलहाल क्राइम ब्रांच और साइबर सेल उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस संगठित ठगी गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

