35 साल के खिलाड़ी ने तोड़ डाला रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 2009 से लगातार दिखा रहा जलवा, अब बन गया नंबर 1

आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। 35 साल की उम्र में इस सीनियर बल्लेबाज ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया और रिकॉर्ड बुक में हलचल मचा दी। यूएई के खिलाफ दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जैसे ही पॉल स्टर्लिंग मैदान पर उतरे, उसी पल उन्होंने टी20 क्रिकेट का एक नया अध्याय लिख दिया।

30 जनवरी 2025 की रात पॉल स्टर्लिंग ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 160वां मुकाबला खेला। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने अपने करियर में 159 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे और टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद संन्यास ले लिया था।

अपने ऐतिहासिक 160वें मुकाबले में पॉल स्टर्लिंग भले ही सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन उनका मैदान पर उतरना ही एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बन चुका था। टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने का ताज अब स्टर्लिंग के सिर सज चुका है, जबकि टेस्ट और वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड आज भी सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।

पॉल स्टर्लिंग का टी20 सफर बेहद लंबा और शानदार रहा है। उन्होंने 15 जून 2009 को पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था और तब से लेकर अब तक लगातार आयरलैंड टीम के लिए खेलते आ रहे हैं। इससे पहले 1 जुलाई 2008 को उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था। टी20 इंटरनेशनल में 160 मैचों में स्टर्लिंग अब तक 3874 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनके बल्ले से 140 छक्के और 445 चौके निकल चुके हैं।

पॉल स्टर्लिंग का यह रिकॉर्ड टूटना आने वाले समय में बेहद मुश्किल माना जा रहा है। मौजूदा दौर में भले ही टी20 इंटरनेशनल मैचों की संख्या बढ़ी हो, लेकिन खिलाड़ियों को लगातार मौके मिलना आसान नहीं है। एक खराब सीरीज के बाद खिलाड़ी टीम से बाहर हो जाता है। स्टर्लिंग के बाद टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वालों में जॉर्ज डॉकरेल, मोहम्मद नबी और जोस बटलर जैसे दिग्गज शामिल हैं, जिनका करियर अब अंतिम चरण में है। ऐसे में पॉल स्टर्लिंग का यह रिकॉर्ड लंबे समय तक कायम रहने की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *