लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का जो सपना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देखा था, वह अब हक़ीक़त बन चुका है। लखनऊ में उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड कार्यालय के भीतर बना अत्याधुनिक “अटल कमांड सेंटर” अब प्रदेश के सभी 18 जनपदों में स्थापित अटल आवासीय विद्यालयों पर 360 डिग्री नज़र रख रहा है। यह सिर्फ एक कंट्रोल रूम नहीं, बल्कि शिक्षा मॉनिटरिंग का ऐसा राष्ट्रीय मॉडल है जिसे देखकर दूसरे राज्य भी सीख ले रहे हैं।
हर विद्यालय में लगाए गए 203 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे पूरे कैंपस को इस तरह कवर करते हैं कि कहीं भी किसी तरह का ब्लाइंड स्पॉट न बचे। चौबीसों घंटे चलने वाली यह लाइव मॉनिटरिंग रियल टाइम में हर गतिविधि दिखाती है। अटल आवासीय विद्यालय संगठन की महानिदेशक पूजा यादव के मुताबिक, जीरो ब्लाइंड स्पॉट की यह अवधारणा न सिर्फ सुरक्षा की गारंटी देती है बल्कि पारदर्शिता को भी नए स्तर पर लेकर गई है।
यह कमांड सेंटर केवल निगरानी तक सीमित नहीं है। यहीं से सभी विद्यालयों की डेली अटेंडेंस, स्टाफ की उपस्थिति, अकाउंट मैनेजमेंट और प्रशासनिक कार्यों की मॉनिटरिंग भी की जाती है। छात्रों की उपस्थिति के लिए क्यूआर कोड सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें स्कैन होते ही उपस्थिति दर्ज हो जाती है। इस तकनीक ने मानव त्रुटियों को लगभग खत्म कर दिया है और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और विश्वसनीय बना दिया है।
अटल कमांड सेंटर का सबसे अत्याधुनिक फीचर है एकेडमिक परफॉर्मेंस एनालिसिस सिस्टम। इसके जरिए यह पता चलता है कि किस विद्यालय में कितने बच्चे तेज, औसत या कमजोर श्रेणी में हैं। हर विषय का प्रदर्शन भी अलग-अलग रिकॉर्ड होता है, जिससे तुरंत जान लिया जाता है कि किस छात्र को किस विषय में अतिरिक्त सहायता की जरूरत है। डेटा आधारित इस व्यवस्था ने शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है।
स्टाफ की भी पूरी डिजिटल प्रोफाइल इस केंद्र में मौजूद रहती है—उनकी योग्यता, अनुभव और ड्यूटी की पूरी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध है। इसके साथ ही सभी विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों के साथ ऑनलाइन मीटिंग्स भी यहीं से संचालित की जा सकती हैं, जिससे प्रशासनिक कामकाज तेज और सटीक हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन साफ है—वंचित और श्रमिक परिवारों के बच्चों को वही आधुनिक, सुरक्षित और उच्च स्तर की आवासीय शिक्षा मिले जो महंगे निजी स्कूल देते हैं। अटल आवासीय विद्यालय उसी सोच का परिणाम हैं, और अटल कमांड सेंटर उसका तकनीकी रीढ़ साबित हो रहा है। सुरक्षा हो, अनुशासन हो, शिक्षण गुणवत्ता या प्रशासन—हर चीज अब रियल टाइम तकनीक से संचालित हो रही है। यही वजह है कि अटल आवासीय विद्यालय आज उत्तर प्रदेश के सबसे आधुनिक और विकसित आवासीय स्कूल मॉडल की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।

