इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर ठगों का खतरनाक खेल सामने आया है, जहां एक व्यापारी के बैंक खाते से बिना ओटीपी के ही चार लाख रुपए उड़ा दिए गए, इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
लसूड़िया क्षेत्र के रहने वाले संतोष गर्ग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर बैंक से जुड़ा एक मैसेज आया था, जिसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड हो गई और इसके कुछ ही समय बाद उनके खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो किसी के साथ ओटीपी साझा किया और न ही बैंक की कोई जानकारी दी, इसके बावजूद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब चार लाख रुपए उनके खाते से ट्रांसफर हो गए।
पुलिस के मुताबिक एपीके फाइल के जरिए साइबर ठग मोबाइल को रिमोट एक्सेस कर लेते हैं, जिससे वे बिना ओटीपी के भी बैंकिंग ऐप तक पहुंच बना लेते हैं और आसानी से पैसे ट्रांसफर कर देते हैं।
मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और अब साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि पैसा किन खातों में गया और ठग कहां से ऑपरेट कर रहे थे।
पुलिस ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें, क्योंकि एक छोटी सी गलती आपके पूरे बैंक खाते को खाली कर सकती है।

