65 लाख का बिजली बिल बकाया, मैहर नगर पालिका का कनेक्शन कटा, कार्रवाई से मचा हड़कंप

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में नगर पालिका परिषद पर करीब 65 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने के चलते बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यालय की बिजली सप्लाई काट दी, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक नगर पालिका पर पिछले करीब एक साल से बिजली बिल बकाया था और विभाग द्वारा लगातार तीन महीने से नोटिस और चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाना पड़ा।

बिजली विभाग इन दिनों बकायेदारों के खिलाफ विशेष वसूली अभियान चला रहा है और बार-बार मौका देने के बावजूद जब बिल जमा नहीं हुआ तो कनेक्शन काट दिया गया।

हालांकि कार्रवाई के बाद एक नई चर्चा भी सामने आई है कि नगर पालिका प्रशासन ने प्राइवेट लाइनमैन की मदद से बिजली कनेक्शन दोबारा चालू करवा लिया, जिस पर विभाग ने कड़ी नाराजगी जताई है।

कार्यपालन अभियंता ओमेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई है और नियमों का पालन न करने वालों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और अब देखना होगा कि आगे इस पर क्या कार्रवाई होती है, लेकिन इस घटना ने सरकारी बकायों और लापरवाही पर बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *