शहडोल। राजनीति के मंच पर अक्सर गंभीर और औपचारिक नजर आने वाले जनप्रतिनिधि जब अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ते हैं तो वो पल अपने आप खास बन जाता है, ऐसा ही नजारा शहडोल जिले के नगर परिषद बकहो में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में देखने को मिला, जहां 70 वर्षीय जैतपुर विधायक और आदिवासी नेता जयसिंह मरावी पारंपरिक कर्मा लोक नृत्य की धुन पर खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही ढोल-मांदर की थाप गूंजी और कर्मा नृत्य की लय बजी, जयसिंह मरावी भाव-विभोर हो उठे, मंच से उतरकर उन्होंने कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए कर्मा नृत्य किया, उनका यह सहज और आत्मीय अंदाज देखकर वहां मौजूद लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
आदिवासी संस्कृति से गहरे जुड़े मरावी का यह रूप लोगों के लिए खास बन गया, छह बार विधायक रह चुके और प्रदेश सरकार में मंत्री पद संभाल चुके जयसिंह मरावी आमतौर पर अपनी गंभीर राजनीतिक छवि के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार उनका लोक नृत्य करता वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी और अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम की तारीफ कर रहे हैं, कई यूजर्स इसे मिट्टी से जुड़ा नेता बताते हुए आदिवासी परंपराओं के सम्मान का प्रतीक मान रहे हैं, विराट हिन्दू सम्मेलन के मंच से जहां धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया, वहीं जयसिंह मरावी के कर्मा नृत्य ने यह भी दिखा दिया कि राजनीति से ऊपर संस्कृति और परंपरा का महत्व होता है, यही वजह है कि 70 वर्षीय विधायक का यह वीडियो शहडोल से लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

