काशी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का आगाज, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, सीएम योगी रहे मौजूद

वाराणसी. काशी में खेल प्रेमियों के लिए खास दिन देखने को मिला, जब 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम और उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश पाठक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

खिलाड़ियों से मिले सीएम योगी, बढ़ाया हौसला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा पहुंचकर वहां मौजूद खेल और प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वॉलीबॉल खिलाड़ियों से सीधे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला।

खेलों को लेकर यूपी सरकार और SAI के बीच बड़ा समझौता
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच एक अहम एमओयू भी साइन किया गया, जिससे प्रदेश में खेलों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

पीएम के नेतृत्व में बदली देश की खेल तस्वीर: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा, मार्गदर्शन और नेतृत्व में देश में आधुनिक खेल अवसंरचना का अभूतपूर्व विकास हुआ है। इसी का नतीजा है कि आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

पीएम मोदी का जताया आभार, खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
सीएम योगी ने इस भव्य आयोजन को आशीर्वाद देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *