अनूपपुर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 91 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला थाना जैतहरी क्षेत्र में सामने आया है, जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध दर्ज किया और ठगी गई रकम में से करीब 25 लाख रुपये को होल्ड कराकर पीड़ित को राहत देने की दिशा में अहम कदम उठाया है।
जानकारी के मुताबिक 3 फरवरी 2026 को जैतहरी निवासी गल्ला व्यापारी राकेश अग्रवाल ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बताया कि 19 जनवरी 2026 को उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया, जिसने अपना नाम पीटर पॉल बताते हुए खुद को क्रिप्टो करेंसी मार्केट का सीनियर अकाउंट मैनेजर बताया और ज्यादा मुनाफे का लालच दिया।
आरोपी ने भरोसे में लेकर फरियादी को क्रिप्टो में निवेश के लिए प्रेरित किया और अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा करवा लिए, इस तरह धोखे से कुल 91 लाख रुपये ऐंठ लिए गए, जब न तो कोई मुनाफा मिला और न ही आरोपी से संपर्क हो पाया, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 25 लाख रुपये की राशि को होल्ड करा लिया गया है, जिसे वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित को वापस दिलाने की कार्रवाई जारी है।
जैतहरी थाना प्रभारी अमर वर्मा के अनुसार प्रकरण में शामिल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, खासकर क्रिप्टो करेंसी के नाम पर होने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।

