वेयरहाउस से 9899 बोरी सरकारी मूंग गायब, संचालिका सहित तीन पर एफआईआर दर्ज

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सरकारी मूंग गायब होने का बड़ा मामला सामने आया है। माखननगर स्थित एकलव्य वेयरहाउस से 9899 बोरी मूंग गायब पाई गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। अब इस मामले में पुलिस ने वेयरहाउस की संचालिका आरती पति नरेंद्र तोमर निवासी इंदौर, उसके रिश्तेदार अमित तोमर और चौकीदार अमर कौल के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि गायब मूंग की कीमत करीब 4 करोड़ 22 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है। मप्र वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के ब्रांच मैनेजर हेमंत चंदेल ने चोरी की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मप्र वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल सोरटे, जिला प्रबंधक वासुदेव डवडे और नायब तहसीलदार अंकित मौर्य ने 16 फरवरी को वेयरहाउस का ताला तुड़वाकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में मूंग से भरी बोरियां गायब मिलीं।

मामले की पुष्टि करते हुए एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अब सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी अनाज आखिर कैसे गायब हुआ और इसके पीछे और कौन-कौन जिम्मेदार हैं, इसकी परतें जांच के साथ खुलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *