नमाज पढ़ने गए दुकानदार की दुकान से चोरी, गल्ले से हजारों की नकदी पार, CCTV में कैद वारदात

 भोपाल। भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चटाईपुरा बुधवारा इलाके में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मस्जिद कलंदर शाह परिसर में गैस किट की दुकान चलाने वाले 45 वर्षीय रिजवान खान के गल्ले से अज्ञात बदमाश हजारों रुपये लेकर फरार हो गया।

बताया गया कि 26 फरवरी की शाम करीब 5 बजे रिजवान खान अपनी दुकान खुली छोड़कर पास ही स्थित कलंदर शाह मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। उस समय दुकान पर कोई मौजूद नहीं था। करीब 15 मिनट बाद जब वह वापस लौटे तो गल्ले की जांच करने पर उसमें रखे 8 हजार 600 रुपये गायब मिले और उनके होश उड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक दुकान में घुसते और गल्ले से पैसे निकालकर तेजी से भागते हुए नजर आया।

तलैया थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कार्यवाहक प्रधान आरक्षक चंद्रकांत शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखे हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *