जापान-सिंगापुर से आ रहा निवेश, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर्स का बढ़ेगा मानदेय: सीएम योगी

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार के लिए पूरा प्रदेश ही परिवार है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले निवेशक प्रदेश में आने से घबराते थे, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है और जर्मनी, जापान व सिंगापुर जैसे देशों से निवेश आ रहा है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आंगनबाड़ी और आशा वर्कर्स का मानदेय बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के खातों में 1500 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा रही है और होली के अवसर पर 1.86 करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समता और सद्भाव का प्रतीक है तथा सरकार ने दीपावली और होली से पहले हर जरूरतमंद परिवार तक भरा हुआ सिलेंडर पहुंचाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा—इन चार वर्गों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता है और आंगनबाड़ी तथा आशा वर्कर्स सहित सभी के मानदेय को क्रमिक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *