दमोह में पांच साल के मासूम की हत्या, घर के बाहर खेलते समय वारदात, आरोपी फरार

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिला से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पांच साल के मासूम की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक के साथ भारी आक्रोश का माहौल है। मामला नोहटा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, दमोह के कुलुआ पटी गांव में 5 वर्षीय देवेंद्र घर के बाहर खेल रहा था, जबकि उसके परिजन खेत पर गए हुए थे। इसी दौरान सतीष आदिवासी नाम के युवक ने उस पर हमला कर दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना के बाद परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे। वहीं तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर, थाना प्रभारी अभिषेक पटेल और चौकी प्रभारी मनीष यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी के बांदकपुर क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली है, जिसके बाद चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और गांव में अभी भी दहशत और गम का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *