सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद बस ऑनर्स एसोसिएशन ने वापस ली हड़ताल

भोपाल। डॉ. मोहन यादव से सकारात्मक चर्चा के बाद मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने 2 मार्च 2026 से प्रस्तावित बस हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश के हर ग्रामीण अंचल तक यात्रियों को सुगम और निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस लक्ष्य के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोक परिवहन सेवा भी चलती रहे और किसी पक्ष का नुकसान भी न हो, सरकार सबके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई बैठक में बस ट्रांसपोर्टर्स के प्रतिनिधियों ने अपनी शंकाएं और समस्याएं विस्तार से रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मुद्दों का समाधान आपसी संवाद से निकाला जाएगा और इसके लिए परिवहन मंत्री को भी आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोनों पक्षों की सहमति और चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शासन द्वारा जारी एक सूचना और एक अधिसूचना को फिलहाल होल्ड करने के निर्देश भी दिए गए।

सकारात्मक बातचीत और मांगों पर विस्तृत चर्चा के बाद मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की और मुख्यमंत्री का आभार जताया। बैठक में सचिव परिवहन मनीष सिंह सहित एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अन्य पदाधिकारी और प्रदेश के दस संभागों से आए बस ऑनर्स मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *