लखनऊ। राजधानी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक वेज बिरयानी की दुकान के अंदर रखे डीप फ्रीजर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान विजय पाल के रूप में हुई है। घटना सामने आते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में डीप फ्रीजर खोला गया, जहां से शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को छिपाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस दुकान मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठाएगी।

