भोपाल। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की इजराइल और अमेरिकी हमले में मौत की खबर के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी शिया समुदाय ने आक्रोश जताते हुए जुलूस निकाला और अमेरिका-इजराइल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भोपाल के करोंद क्षेत्र में स्थित शिया मस्जिद में जोहर की नमाज के बाद दुआ की गई और धर्मगुरु की शहादत की याद में मजलिस का आयोजन हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने इसे शहादत बताते हुए अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारे लगाए।
करोंद स्थित मस्जिद आले मोहम्मद शिया जामा मस्जिद में भी मजलिस का आयोजन किया गया, जिसमें समुदाय के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान 28 फरवरी को ईरान में हुए हमले में अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत को लेकर शोक व्यक्त किया गया और शांति के लिए दुआ की गई।

