रेलवे भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, मुकेश की जगह रंजीत ने दी परीक्षा, CBI ने बिहार से दबोचे दो ‘मुन्ना भाई’

जबलपुर। मध्यप्रदेश में रेलवे भर्ती परीक्षा से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने कार्रवाई करते हुए बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और परीक्षा में धांधली कर नौकरी हासिल करने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुकेश कुमार और रंजीत कुमार बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि मुकेश की जगह कोचिंग पढ़ाने वाले रंजीत ने परीक्षा दी थी। एडमिट कार्ड में फोटो से छेड़छाड़ कर दूसरे युवक को बैठाया गया था, जिससे पहचान छिपाई जा सके।

बताया जा रहा है कि साल 2024 में ग्रुप-थ्री पदों के लिए रेलवे भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी। इसके बाद 2025 में ट्रेनिंग के दौरान जब दोबारा बायोमेट्रिक टेस्टिंग की गई, तब पूरा फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी सामने आते ही जांच शुरू हुई और मामला CBI तक पहुंचा।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह जांच भी की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे। रेलवे भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगाने वाले इस गिरोह को लेकर अब और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *