सर्विस पिस्टल के साथ युवती की फोटो वायरल, इंदौर पुलिस में मचा हड़कंप, जांच शुरू

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में एक बार फिर पुलिस विभाग सवालों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर एक युवती की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह सर्विस पिस्टल हाथ में लेकर पोज देती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह हथियार परदेशीपुरा थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर दीपक जामोद की आधिकारिक सर्विस वेपन है। फोटो सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया और मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया।

सूत्रों के मुताबिक यह तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर की गई। कई यूजर्स ने दावा किया कि युवती के हाथ में दिख रही पिस्टल एसआई दीपक जामोद की सर्विस गन है। हालांकि फोटो वायरल होने के कुछ समय बाद युवती ने अपनी प्रोफाइल से इसे हटवा दिया, लेकिन तब तक उसके स्क्रीनशॉट्स व्यापक रूप से फैल चुके थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सर्विस वेपन केवल ड्यूटी के दौरान अधिकृत उपयोग के लिए होता है, ऐसे में उसका निजी हाथों में पहुंचना बेहद गंभीर विषय है। फिलहाल एसआई दीपक जामोद से पूछताछ की जा रही है और विभागीय जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *