रायसेन जिला अस्पताल में सनसनी, पत्नी को जलाने के आरोपी ने बाथरूम में फांसी लगाकर दी जान

रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिला अस्पताल में उस समय सनसनी फैल गई जब अस्थि रोग विभाग में भर्ती 60 वर्षीय बुजुर्ग ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जमुना प्रसाद, निवासी मुरैल कला के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी को तेल डालकर आग लगाने के मामले में आरोपी था और कई दिनों से पुलिस से फरार चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक जमुना प्रसाद पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। सोमवार को उसे जिला अस्पताल के अस्थि रोग विभाग में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह वह बाथरूम गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। बाद में पता चला कि उसने पजामे के नाड़े का फंदा बनाकर बाथरूम के अंदर ही आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशपाल सिंह बाल्यान ने बताया कि मृतक का इलाज चल रहा था और घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दे दी गई।

इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी के ठीक होने का इंतजार कर रही थी, लेकिन उससे पहले ही उसने अस्पताल में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *