जान की कीमत सिर्फ 500 रुपए, जुए के विवाद में युवक की मौत से सनसनी

सिर्फ 500 रुपए… और उस छोटी सी रकम के लिए एक युवक की ऐसी बेरहमी से पिटाई की गई कि उसकी जान चली गई। यह चौंकाने वाली घटना इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों छोड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

घटना बल्केश्वर के अनुराग नगर की बताई जा रही है, जहां कुछ युवक जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान दीपू दिवाकर का 500 रुपए को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि गुस्से में आए युवकों ने दीपू को जानवरों की तरह पीटना शुरू कर दिया। बेरहमी से की गई मारपीट के बाद दीपू किसी तरह अपने घर पहुंचा।

रात में उसने अपनी बहन को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसके साथ मारपीट हुई है। बहन जब मौके पर पहुंची तो दीपू अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दीपू वाल्मीकि समाज से था और इसी वजह से कुछ लोगों ने उसे निशाना बनाया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। अब सवाल यह है कि क्या मारपीट ने ही उसकी जान ली या इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *