मस्जिद पर पत्थरबाजी का मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

खंडवा। खंडवा शहर में मस्जिद पर पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम जाकिर और वसीम बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों का मस्जिद के सामने से जुलूस भी निकाला, जिसके बाद इलाके में फिलहाल शांति बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि शहर के खड़कपुरा स्थित मस्जिद में मंगलवार रात नमाज के दौरान अचानक पत्थरबाजी की घटना हुई थी। नमाजी जब इबादत में मशगूल थे, तभी मस्जिद की खिड़कियों पर अचानक पत्थर आकर गिरे। इस घटना से नमाज अदा कर रहे लोगों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य और सीएसपी अभिनव वारंगे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया।

मस्जिद परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें छह संदिग्ध युवक नजर आए। इसके बाद सीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *