नहर में डूबे युवक का 15 घंटे बाद मिला शव, रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन करने आया था झांसी का राहुल

 दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में सेंथरी नहर में डूबे युवक का शव करीब 15 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने लंबी रेस्क्यू कार्रवाई के बाद युवक के शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि शव सेंथरी नहर से करीब 50 मीटर दूर एक पुलिया के पास मिला।

मृतक की पहचान झांसी निवासी राहुल यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राहुल अपने दोस्तों के साथ दतिया जिले के प्रसिद्ध Ratangarh Mata Temple में दर्शन करने आया था। दर्शन के दौरान वह पास की नहर में नहाने गया, लेकिन इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार राहुल यादव का शव नहर से बाहर निकाला जा सका।

मामले में थरेट थाना प्रभारी अरविंद भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद परिजनों और दोस्तों में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *