आगरा। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार का रिश्ता खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया। शादी से इनकार करना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसकी जान ही चली गई। बताया जा रहा है कि शादीशुदा प्रेमिका ने अपने परिजनों के साथ मिलकर ऑटो चालक प्रेमी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया।
यह पूरी घटना जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के आजमपाड़ा रोड के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला ने शादी से इनकार करने पर अपने प्रेमी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा युवक बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ऑटो चालक चांद, शाहगंज की स्वरूप कॉलोनी का रहने वाला था और पिछले करीब दो साल से उसका आरोपी महिला शबनम के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शबनम मूल रूप से मथुरा की रहने वाली बताई जा रही है और उस पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी की कोशिश करने का भी आरोप है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। वहीं इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

