मेडिकल कॉलेज में होली के दौरान हिंसक विवाद

रतलाम। शहर के लक्ष्मीनारायण मेडिकल कॉलेज में होली का जश्न उस समय हिंसक विवाद में बदल गया जब होली खेल रहे स्टूडेंट्स के बीच अचानक एक कार तेज रफ्तार से आ गई। आरोप है कि कार को इतनी तेजी से लाया गया कि वहां मौजूद छात्रों में हड़कंप मच गया। सामने आए वीडियो में डॉ. रजत अली कार को घुमाकर दोबारा उसी दिशा में लाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

घटना के दौरान स्टूडेंट्स ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन जब कार नहीं रुकी तो कुछ छात्रों ने पत्थर फेंककर उसे रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कार वहां से निकल गई, लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ पीजी स्टूडेंट्स ने कार सवारों का पीछा किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते स्थिति मारपीट तक पहुंच गई और होली मना रहे छात्र आपस में ही भिड़ गए।

इस झड़प में इंदौर के सांवेर निवासी डॉ. आशीष मेसवाडिया, ग्वालियर निवासी डॉ. प्रशांत गौरव, डॉ. प्रियांशी और डॉ. भानावत मुडे घायल हो गए। वहीं कार चला रहे डॉ. रजत अली खान भी घायल हुए हैं, जिनके सिर पर चार से पांच टांके लगाने पड़े हैं।

पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली सच्चाई सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *