ग्वालियर में सनसनीखेज साजिश का खुलासा, दुश्मनों को फंसाने के लिए दोस्त के सीने में मारी गोली, CCTV फुटेज से खुला राज

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद चौंकाने वाली साजिश सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मारकर दुश्मनों को फंसाने की कोशिश की। यह सनसनीखेज मामला गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क इलाके का है, जहां आरोपी मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर ने अपने दोस्त विकास साहू को गोली मार दी।

जानकारी के मुताबिक विकास साहू की उम्र करीब 24 साल बताई जा रही है। आरोपी मधुसूदन का पहले से ही तीन अन्य युवकों के साथ विवाद चल रहा था। इसी दुश्मनी का बदला लेने और उन्हें झूठे हत्या के प्रयास के मामले में फंसाने के लिए उसने यह पूरी साजिश रची।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने योजना के तहत अपने दोस्त विकास को पिंटू पार्क इलाके में बुलाया और अचानक उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही विकास साहू गंभीर रूप से घायल होकर बाइक से नीचे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।

घायल विकास को पहले मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे बाद में जयारोग्य अस्पताल यानी जेएएच रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मधुसूदन खुद थाने पहुंच गया और फरियादी बनकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके दुश्मनों ने उसके दोस्त पर हमला किया है और गोली मार दी है।

लेकिन पुलिस को उसकी कहानी पर शक हुआ। इसके बाद जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि काली थार गाड़ी के पास मधुसूदन और विकास के बीच विवाद हुआ और उसी दौरान मधुसूदन ने ही विकास पर गोली चला दी।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं था। साथ ही पुलिस उस हथियार की भी तलाश कर रही है, जिससे इस वारदात को अंजाम दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *