लखनऊ एयरपोर्ट पर उड़ानों पर संकट, दुबई-अबुधाबी और दम्माम की 8 फ्लाइट रद्द, 450 से ज्यादा यात्रियों के टिकट कैंसिल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए जाने वाली उड़ानों पर अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर साफ दिखाई दे रहा है। ईरान पर हुए हमले के बाद क्षेत्र में बने तनाव के कारण दुबई, अबुधाबी और दम्माम के लिए विमान सेवाएं अब तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई हैं। इसी वजह से आज इन शहरों के लिए आने-जाने वाली कुल आठ फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फ्लाइट्स रद्द होने के कारण करीब 450 से ज्यादा यात्रियों को अपने टिकट कैंसिल कराने पड़े। एयरलाइनों की ओर से अब तक लगभग दो लाख पच्चीस हजार रुपये का रिफंड जारी किया जा चुका है। वहीं कई एयरलाइनों ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे, नई बुकिंग और उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दुबई और ईरान के एयरस्पेस बंद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इससे पहले लखनऊ से खाड़ी देशों के लिए कुल 17 उड़ानें प्रभावित थीं, जो गुरुवार तक घटकर आठ रह गई हैं। हालांकि अभी भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है और यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *