रतलाम में हैवानियत की हद पार, डॉग के बच्चे को स्कूटी से बांधकर सड़क पर घसीटती रहीं महिलाएं, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां दो महिलाओं ने एक मासूम डॉग के बच्चे के साथ ऐसी क्रूरता की कि देखने वालों का दिल दहल गया। बताया जा रहा है कि घर के सामने पिल्ले द्वारा गंदगी करने से नाराज होकर महिलाओं ने उसे रस्सी से बांध दिया और स्कूटी से सड़क पर घसीटते हुए ले गईं। हैरानी की बात यह रही कि पिल्ला दर्द से लगातार चीखता रहा लेकिन महिलाओं का दिल बिल्कुल भी नहीं पसीजा।

इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। घटना रतलाम की पॉश कॉलोनी राजबाग–2 लालबाग एवेन्यू की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दो महिलाएं स्कूटी पर जा रही हैं और पीछे बैठी महिला ने एक छोटे से पिल्ले को रस्सी से बांध रखा है। स्कूटी आगे बढ़ती रही और पिल्ला सड़क पर घिसटता हुआ पीछे-पीछे घसीटता रहा।

बताया जा रहा है कि करीब 200 मीटर से ज्यादा दूरी तक पिल्ला सड़क पर घिसटता रहा, जिससे उसके पैर बुरी तरह छिल गए और वह दर्द से तड़पता रहा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने महिलाओं को आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में आगे बढ़ती रहीं।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों महिलाओं के खिलाफ पशु क्रूरता के तहत केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर इंसानियत और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *