जबलपुर में साइबर ठगी का नया तरीका, योनो ऐप अपडेट के नाम पर बुजुर्ग के खाते से उड़ा लिए 1 लाख रुपये

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने बैंक अधिकारी बनकर बुजुर्ग को फोन किया और उनके खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए।

हालांकि पुलिस प्रशासन लगातार साइबर क्राइम से बचने के लिए लोगों को जागरूक कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। इस बार ठगों ने बैंक के योनो ऐप का सहारा लेकर बुजुर्ग को शिकार बनाया।

मामला गोराबाजार थाना क्षेत्र का है, जहां निवासी प्रभाकर मोहिते ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर फोन किया और कहा कि उनका एसबीआई योनो ऐप एक्सपायर हो गया है, जिसे तुरंत अपडेट करना जरूरी है।

इसके बाद आरोपी ने ऐप को दोबारा चालू कराने के नाम पर एक लिंक भेजी और उस लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा। जैसे ही बुजुर्ग ने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया।

इसके बाद कुछ ही देर में कई ट्रांजेक्शन के जरिए उनके बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए गए। जब उन्हें पैसे कटने की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की।

फिलहाल गोराबाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और बैंक से जुड़े किसी भी कॉल या मैसेज की पहले पुष्टि जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *