भोपाल। Madhya Pradesh में कांग्रेस के भीतर एक नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस विधायक Mukesh Malhotra की विधायकी रद्द होने के बाद अब पार्टी के भीतर ही प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता Rakesh Singh Yadav ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi को एक चिट्ठी लिखकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
अपनी चिट्ठी में राकेश सिंह यादव ने प्रदेश कांग्रेस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा है कि वर्तमान प्रदेश नेतृत्व के काम करने के तरीके में विधायकों के बीच समन्वय की भारी कमी है और संवाद का भी अभाव दिखाई दे रहा है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है।
राकेश यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायकों के बीच क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग जैसी गतिविधियां हुईं। उन्होंने आशंका जताई कि विधायक मुकेश मल्होत्रा की विधायकी रद्द होने के पीछे भी किसी बड़ी साजिश की संभावना हो सकती है और इसमें कांग्रेस के कुछ नेताओं की भूमिका भी हो सकती है।
चिट्ठी में उन्होंने राहुल गांधी से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पार्टी संगठन में चल रही इन परिस्थितियों पर तुरंत ध्यान दिया जाए। फिलहाल इस पत्र के सामने आने के बाद मध्यप्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आते दिखाई दे रहे हैं।

