बस रोकने पर ट्रैफिक सिपाही की पिटाई, रेलवे कर्मचारियों पर मामला दर्ज

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट कर दी गई। बताया जा रहा है कि बस रोकने से नाराज कुछ लोगों ने ट्रैफिक सिपाही की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल यह पूरा मामला कोलार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कुछ रेलवे कर्मचारी पिकनिक मनाकर कठौतिया से बस में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोलार रोड स्थित डीमार्ट चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान ट्रैफिक सिपाही की नजर बस की नंबर प्लेट पर पड़ी, जहां नंबर प्लेट को ढकते हुए एक बैनर लगा हुआ था। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए सिपाही ने बस को रोक लिया।

बस रोके जाने से नाराज बस में सवार कुछ रेलवे कर्मचारी भड़क गए। आरोप है कि पहले उन्होंने ट्रैफिक सिपाही के साथ बहस की, फिर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। गुस्साए लोगों ने ट्रैफिक सिपाही के साथ हाथापाई करते हुए उसकी पिटाई कर दी।

घटना के बाद ट्रैफिक सिपाही ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर मारपीट करने के साथ-साथ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला भी दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *