पटना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नज़दीक आ रहा है, वैसे-वैसे सियासी बयानबाज़ी भी अपने चरम पर पहुंच रही है। एनडीए नेताओं ने एक सुर में महागठबंधन पर तीखा हमला बोल दिया है। उनका कहना है कि विपक्ष के इस गठबंधन में अंदरूनी घमासान मचा हुआ है और जनता अब सब कुछ समझ चुकी है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समझ नहीं आता, ये लोग किस दुनिया में जी रहे हैं। जब दूसरे चरण का नामांकन भी पूरा हो चुका है, तब भी इनकी बातें सिर्फ अपने बिखरे हुए गठबंधन पर पर्दा डालने की कोशिश हैं। चिराग ने कहा, भारत के राजनीतिक इतिहास में ऐसा गठबंधन पहली बार देखा जा रहा है, जहां अब तक यह तय नहीं हुआ कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। घटक दल एक साथ बैठ तक नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा — “राहुल गांधी कहां हैं?” क्या तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की नैतिक जिम्मेदारी नहीं बनती कि वे बैठकर अपनी उलझनों को सुलझाएं? उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस बिहार चुनाव को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं है और 14 नवंबर के बाद बिहार में सिर्फ एनडीए की सरकार बनने जा रही है। चिराग पासवान ने कहा कि जो लोग अपने दलों को साथ नहीं रख पा रहे, वे बिहार की जनता को क्या एकजुट रख पाएंगे?
वहीं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने भी महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यह गठबंधन नेचुरल नहीं, बल्कि मजबूरी का मेल है। ये लोग केवल सत्ता के लिए एकजुट हुए हैं, जनता के हित के लिए नहीं। कई सीटों पर महागठबंधन के तीन-तीन उम्मीदवार आमने-सामने हैं। जब इनकी आपसी सहमति ही नहीं बन पा रही, तो ये बिहार की जनता के लिए क्या सोचेंगे? यह स्वार्थ का गठबंधन है, जिसका मकसद सिर्फ व्यक्तिगत लाभ है।
भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी हमला बोलते हुए कहा कि महागठबंधन में सिर फुटव्वल मचा हुआ है। घटक दल आपस में भिड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सीटों का बंटवारा नहीं कर पा रहे, वे राज्य क्या चलाएंगे? बिहार की जनता सब देख रही है और तय कर चुकी है कि सत्ता में एनडीए ही लौटेगा, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे।
वहीं भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने महागठबंधन को “महाफूट” करार दिया। उन्होंने कहा कि अब इस गठबंधन में कोई तालमेल नहीं बचा है। कई सीटों पर ये अलग-अलग उम्मीदवार खड़े कर रहे हैं। राजद के कार्यकर्ता कांग्रेस को हराने में लगे हैं, और कांग्रेस के नेता राजद को। उन्होंने कहा — अब जनता भी इन्हें हराने के मूड में है।
शाहनवाज ने कहा, “यह अब महागठबंधन नहीं, महाफूट बन चुका है।”

