पटना। Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। राजद की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्टर में सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर दिखाई दी, जबकि राहुल गांधी और मुकेश सहनी को जगह नहीं मिली। इसे लेकर एनडीए के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि महागठबंधन का संवाददाता सम्मेलन देर से हो रहा है। बिहार में कुल 243 सीटें हैं, लेकिन महागठबंधन ने 255 उम्मीदवार घोषित किए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि सिर्फ तेजस्वी का फोटो क्यों है, राहुल गांधी और मुकेश सहनी का फोटो क्यों नहीं? क्या अति पिछड़ा होना गुनाह है?
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों ने अपनी महत्वाकांक्षाओं के चलते गठबंधन की मर्यादा का पालन नहीं किया। आज की प्रेस वार्ता में सिर्फ एक ही नेता का चेहरा दिखाई दे रहा है, जो गठबंधन के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन की सेहत ठीक नहीं है। यदि तेजस्वी यादव की स्वीकार्यता इतनी मजबूत होती, तो कई सीटों पर आपस में टकराव नहीं होता। चाहे वह मुख्यमंत्री का चेहरा बनें या न बनें, महागठबंधन को भारी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि महागठबंधन में बड़ा दरार है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव महागठबंधन की फूट को सुलझाने में नाकाम रहे हैं। राजद और कांग्रेस के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। उनका दावा है कि इस स्थिति में जीत NDA की होगी और सरकार NDA बनाएगी।

