बिहार में मौसम अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। दिन और रात के तापमान में फर्क साफ नजर आ रहा है। दिन में अभी भी गर्मी महसूस होती है, लेकिन सुबह और रात में हल्की ठंड का असर दिखने लगा है। राज्य के कई जिलों में सुबह के समय घना कुहासा भी देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
राज्य में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इस वजह से सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास होगा। हालांकि नहाय-खाय और खरना के दिन मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन संध्या अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य के समय हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। विभाग ने 25 अक्टूबर के बाद बारिश के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से बारिश शुरू होने की संभावना है। इस दिन जमुई और भागलपुर जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। 28 अक्टूबर को नवादा, जमुई और बांका जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं। 29 अक्टूबर से बारिश का दायरा उत्तर से दक्षिण बिहार तक फैल सकता है। इस दौरान ज्यादातर जिलों में बादल और हल्की फुहारें देखने को मिल सकती हैं। केवल पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दिन में गर्मी का असर बना रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल और धीमी हवाओं के बीच अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय कोहरा और हल्की ठंड का प्रभाव भी जारी रहेगा।

