भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रशासन को और ज्यादा एक्टिव करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला लिया है, अब सभी कलेक्टर्स और कमिश्नर अपने-अपने जिलों में लगातार भ्रमण करेंगे, लोगों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करेंगे, इसके लिए मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी अधिकारियों के साथ विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा कि जरूरत पड़ने पर कलेक्टर्स गांवों में रात्रि विश्राम भी करें, ताकि जमीनी स्तर पर योजनाओं की असल स्थिति समझी जा सके और उनका बेहतर क्रियान्वयन हो सके, उन्होंने खास तौर पर छोटे किसानों को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी में पहले छोटे किसानों की फसल खरीदी जाए और उन्हें समय पर भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सख्ती दिखाई और कहा कि सभी कलेक्टर्स केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें, वहां छाया, पानी, बारदाना और भीषण गर्मी को देखते हुए ओआरएस घोल जैसी जरूरी सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहें, साथ ही प्रदेशभर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रहे, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

