ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां बहन को लेने ससुराल पहुंचे भाई पर बहनोई और उसके परिवार ने जानलेवा हमला कर दिया और चाकू से 24 बार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
यह पूरी घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के मेहरा कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां देर रात हुए इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक मुरैना निवासी देवेंद्र रजक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी मेहरा कॉलोनी निवासी कृष्णा रजक से हुई थी और शादी के बाद से ही बहन के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी, वहीं परिवार में होने वाली शादी में भी बहन को मायके भेजने से रोका जा रहा था।
इसी बात को लेकर देवेंद्र अपने भाई के साथ बहन के ससुराल पहुंचा था और समझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बात बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बहनोई कृष्णा, उसका भाई सोनू और पिता रामौतार ने मिलकर देवेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें उसके गले और शरीर पर 24 वार किए गए।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं, फिलहाल पुलिस ने बहनोई और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता फरार बताया जा रहा है और मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

