वाराणसी. पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्रवार को काशी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में उनके पहुंचते ही समर्थकों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ जोरदार स्वागत किया।
रवि किशन ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन की राजनीति को समर्थन दे रही है। पश्चिम बंगाल की जनता ने भी अपने वोट के जरिए साफ संदेश दे दिया है कि तुष्टिकरण और डर की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकती।
रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और भाजपा की नीतियों पर लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां सिर्फ लोगों को बांटने और भ्रम फैलाने का काम कर रही हैं, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है। उनके पास न कोई स्पष्ट नीति है और न ही विकास का कोई विजन।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि जनता अब काम करने वाली सरकार चाहती है और भाजपा जनहित व विकास के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है।

