‘अब बात सिर्फ चुनाव नहीं, देश बचाने की है!’ अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, जनता से की निर्णायक लड़ाई की अपील

लखनऊ.समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देशवासियों को संबोधित करते हुए भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। पश्चिम बंगाल पहुंचने के बाद उन्होंने चुनाव प्रक्रिया, लोकतंत्र और संविधान को लेकर कई बड़े सवाल उठाए और जनता से एकजुट होने की अपील की।

अखिलेश यादव ने कहा कि “प्रिय देशवासियों, पश्चिम बंगाल आकर चुनाव में हुई कथित महाधांधली और महाबेईमानी की बातें जानने के बाद अब ऐसा लग रहा है कि बात सिर्फ चुनाव प्रक्रिया बचाने की नहीं, बल्कि देश बचाने की है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश ऐसे लोगों के हाथों में चला गया है जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता, समानता, न्याय और देश की एकता-अखंडता के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं, युवा, किसान, मजदूर, गरीब और वंचित वर्गों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है।

सपा प्रमुख ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देशवासियों को समझना होगा कि देश की व्यवस्था को कमजोर करने वाले लोग आखिर किसके एजेंट हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वदेशी की बात करने वाले विदेशों से पैसा क्यों लेते हैं और कोविड फंड का हिसाब जनता को क्यों नहीं दिया जाता।

अखिलेश यादव ने नोटबंदी, जीएसटी, योजना आयोग खत्म करने और सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबार खत्म किए जा रहे हैं, शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और अर्थव्यवस्था को जानबूझकर उलझाया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में सांप्रदायिकता का जहर फैलाकर लोगों को बांटने की कोशिश हो रही है और राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।

अपने संदेश के आखिर में अखिलेश यादव ने कहा कि अब निर्णायक समय आ गया है, जब देशवासियों को मिलकर इन “नकारात्मक ताकतों” को हराना होगा और देश को बचाने के लिए नई लड़ाई लड़नी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *