पटना। बिहार की सियासत इन दिनों पोस्टरों और बयानों के संग दिलचस्प मोड़ ले रही है। शनिवार को राजद ने अपने नेता तेजस्वी यादव को ‘बिहार का नायक’ बताते हुए पटना स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर नया पोस्टर जारी किया। जैसे ही यह पोस्टर सामने आया, भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत में एकदम फिल्मी अंदाज में कहा, “नायक नहीं, खलनायक है वो…”
राजद के पोस्टर में तेजस्वी यादव की बड़ी तस्वीर के साथ लिखा गया था ‘बिहार का नायक’। इस पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद अब बिहार की राजनीति को नायक और खलनायक की लड़ाई में बदलना चाहती है। उन्होंने कटाक्ष किया कि पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया गया, अब नया नाटक शुरू कर दिया गया है और तेजस्वी को ‘नायक’ बना दिया गया। उनका कहना था कि कुछ दिन बाद यही पोस्टर ‘खलनायक’ में बदल सकता है।
गुरुवार को महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था, जबकि विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद का उम्मीदवार बताया गया। राजद ने संकेत दिया कि एक और उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान जल्द किया जाएगा।
दूसरी ओर, एनडीए भी बिहार चुनाव की रणनीति बनाने में जुटा है। चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इशारा किया है कि नतीजों के बाद विधायक दल की बैठक में एनडीए का मुख्यमंत्री चुना जाएगा।
बिहार की राजनीति में बयानबाज़ी और तंज़ तो आम हैं, लेकिन भाजपा अध्यक्ष का यह फिल्मी अंदाज़ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। दिलीप जायसवाल का यह गाना अब चुनावी रैलियों से लेकर ऑनलाइन मंचों तक सुर्खियां बटोर रहा है।

