भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपनी पूर्व लिव-इन पार्टनर पर बीच सड़क चाकू से हमला कर दिया। घटना छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शंकर नगर इलाके की है, जहां मंगलवार शाम अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास से कहीं जा रही थी, तभी रास्ते में युवक ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों पहले लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुके थे, लेकिन कुछ समय पहले अलग हो गए थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सड़क पर हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक रूप ले बैठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवक ने धारदार हथियार निकाल लिया और युवती पर हमला कर दिया। हमले में युवती के चेहरे, गर्दन, पीठ और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। जब उसकी बड़ी बहन बचाव के लिए आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गई।
घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जाते-जाते उसने कथित तौर पर पीड़िता को धमकी भी दी। सरेआम हुई इस घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
हमले के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों बहनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के पीछे की वजहों की भी पड़ताल की जा रही है।

