चरित्र पर शक और हैवानियत की इंतहा! आरक्षक पति पर पत्नी को गर्म प्रेस से दागने और बेरहमी से प्रताड़ित करने का आरोप

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक आरक्षक ने क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दीं। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, पति ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बनाया और गर्म प्रेस से कई बार दाग दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक मामला ग्वालियर की 13वीं बटालियन स्थित सरकारी आवास का है। आरोपी आरक्षक राजेंद्र परिहार पर आरोप है कि वह अपनी पत्नी पूजा परिहार के चरित्र को लेकर अक्सर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात महिला खाना खाने के बाद घर के बाहर टहलने गई थी। जब वह वापस लौटी तो पति ने उससे सवाल-जवाब शुरू कर दिए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

पीड़िता के आरोपों के अनुसार, गुस्से में आए पति ने पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए और जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि यहीं नहीं रुका, बल्कि गर्म प्रेस से उसके शरीर को कई जगह दाग दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों की मदद से उसे पहले मायके ले जाया गया और फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उसके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक राजेंद्र परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *