ट्विशा शर्मा केस में नया मोड़: जेल में VIP सुविधाओं के आरोपों की जांच रिपोर्ट DG को सौंपी, CBI ने कोर्ट में पेश किए अहम सबूत

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। इस केस में जेल में बंद आरोपी मां-बेटे को कथित तौर पर विशेष सुविधाएं दिए जाने के आरोपों के बाद जेल मुख्यालय हरकत में आया और मामले की जांच कराई गई। अब जांच पूरी होने के बाद डीआईजी संजय पांडे ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट जेल महानिदेशक वरुण कपूर को सौंप दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

दरअसल, आरोप लगाए गए थे कि मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह को जेल के भीतर सामान्य कैदियों से अलग सुविधाएं मिल रही हैं। चर्चा यह भी रही कि उन्हें बाहर से फल, ड्राय फ्रूट्स और अन्य विशेष खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी। इन आरोपों के सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।

हालांकि जेल प्रशासन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि आरोपियों को जो भी सुविधाएं दी गई हैं, वे पूरी तरह जेल नियमावली और मैनुअल के अनुरूप हैं। प्रशासन का दावा है कि किसी भी प्रकार का नियमविरुद्ध या विशेष वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया है।

गौरतलब है कि गिरफ्तारी के बाद जेल पहुंचते ही दोनों आरोपियों की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद उन्हें जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरिबाला को महिला वार्ड के भीतर विशेष चिकित्सा सुविधा वाले बेड पर रखा गया है, जबकि समर्थ सिंह का इलाज जेल के बी-ब्लॉक अस्पताल में चल रहा है।

इधर, मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच एजेंसी CBI भी लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। जांच के दौरान सीबीआई ने कोर्ट में एक महत्वपूर्ण मेमोरी कार्ड पेश किया है, जिसमें घटना से जुड़े मकान की विस्तृत वीडियोग्राफी मौजूद है। अदालत ने इस वीडियोग्राफी और केस डायरी को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए अपने रिकॉर्ड में शामिल कर लिया है।

सूत्रों के मुताबिक सीबीआई अब ट्विशा शर्मा के स्त्रीधन से जुड़े सबूतों की तलाश में जुटी है। जांच एजेंसी शादी के दौरान मिले गहनों, उपहारों और अन्य सामान से जुड़े दस्तावेज और प्रमाण एकत्र कर रही है, ताकि दहेज उत्पीड़न और हत्या से जुड़े आरोपों को अदालत में और अधिक मजबूती के साथ प्रस्तुत किया जा सके।

फिलहाल एक तरफ जेल में सुविधाओं को लेकर उठे सवालों की जांच जारी है, तो दूसरी ओर सीबीआई लगातार नए साक्ष्य जुटाकर मामले को मजबूत करने में लगी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *