BRICS मेहमानों पर चढ़ा इंदौरी स्वाद का जादू! 56 दुकान पहुंचते ही मंगाया पोहा, रूसी डेलीगेट्स ने की साबूदाना खिचड़ी की फरमाइश

 इंदौर। मिनी मुंबई के नाम से मशहूर इंदौर इन दिनों ब्रिक्स कृषि सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, लेकिन चर्चा सिर्फ सम्मेलन की नहीं बल्कि इंदौरी स्वाद की भी हो रही है। दुनिया के 21 देशों से आए प्रतिनिधि जब इंदौर पहुंचे, तो उन्होंने सबसे पहले शहर की पहचान बन चुकी विश्व प्रसिद्ध 56 दुकान का रुख किया। यहां पहुंचते ही विदेशी मेहमानों ने इंदौरी व्यंजनों का स्वाद चखा और स्थानीय खानपान के मुरीद हो गए।

कृषि और खाद्य सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर मंथन करने आए इन डेलीगेट्स का स्वागत भारतीय संस्कृति और इंदौरी मेहमाननवाजी के साथ किया गया। 56 दुकान पहुंचते ही कई विदेशी प्रतिनिधियों ने सबसे पहले इंदौर के मशहूर पोहे का ऑर्डर दिया। पोहे का स्वाद चखने के बाद उन्होंने इसकी जमकर तारीफ की और इंदौरी खानपान के बारे में उत्सुकता से जानकारी भी ली।

इन दिनों 56 दुकान किसी अंतरराष्ट्रीय फूड डेस्टिनेशन से कम नजर नहीं आ रही है। विदेशी मेहमानों ने पोहे के साथ कई स्थानीय स्नैक्स और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि रूस से आए प्रतिनिधिमंडल ने भोजन के अंत में खास तौर पर साबूदाना खिचड़ी की मांग की। साबूदाना खिचड़ी का स्वाद लेने के बाद वे काफी उत्साहित दिखाई दिए और उसकी भी खूब सराहना की।

56 दुकान एसोसिएशन के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने बताया कि विदेशी मेहमान इंदौर के स्वाद और यहां की आतिथ्य परंपरा से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश डेलीगेट्स ने सबसे पहले पोहा मंगाया और स्थानीय व्यंजनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। यह इंदौर के लिए गर्व का विषय है कि शहर की खाद्य संस्कृति अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का दिल जीत रही है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई अवसरों पर इंदौर के पोहे और यहां की समृद्ध खाद्य परंपरा की सराहना कर चुके हैं। अब ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के बहाने इंदौर का स्वाद एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी खास पहचान बना रहा है। सम्मेलन के पहले ही दिन 56 दुकान पर विदेशी मेहमानों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि इंदौर सिर्फ स्वच्छता के मामले में ही नहीं, बल्कि अपने लाजवाब स्वाद से भी दुनिया का दिल जीतने का माद्दा रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *