‘लापता लेडीज’ फेम एक्टर का छलका दर्द, रोते हुए वीडियो में लगाए गंभीर आरोप, मैहर पुलिस की मदद से पहुंचे मुंबई

किरण राव की चर्चित फिल्म ‘लापता लेडीज’ से पहचान बनाने वाले बाल कलाकार और अभिनेता सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर कर सनसनी फैला दी है। वीडियो में फूट-फूटकर रो रहे अभिनेता ने एक फिल्म प्रोड्यूसर पर पारिश्रमिक नहीं देने, धोखाधड़ी करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मैहर पुलिस हरकत में आई और अभिनेता को सुरक्षित मुंबई रवाना कराया।

दरअसल, सतेंद्र सोनी फिल्म ‘पेट पालकी’ की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचे थे। अभिनेता का आरोप है कि उन्होंने पूरे आठ दिन तक लगातार शूटिंग की, लेकिन काम पूरा होने के बाद जब उन्होंने अपना मेहनताना मांगा तो प्रोड्यूसर ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान मांगने पर उन्हें धमकाया भी गया, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में सतेंद्र अपनी आपबीती सुनाते हुए भावुक नजर आए। वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से वायरल हो गया और पुलिस प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया।

इसके बाद रविवार सुबह सतेंद्र सोनी ने रेलवे स्टेशन से एक और वीडियो साझा किया, जिसमें वे अपने साथी कलाकार श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा के साथ दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि वे सुरक्षित मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं और इस मुश्किल समय में सहयोग करने के लिए मैहर पुलिस और सभी मददगार लोगों का दिल से धन्यवाद किया।

अभिनेता ने विशेष रूप से मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और पूरी पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उन्हें समय पर मदद मिली, जिसकी वजह से वे सुरक्षित अपने घर लौट सके।

वहीं मैहर कोतवाली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद टीम तुरंत कलाकारों के पास पहुंची। बातचीत के दौरान कलाकारों ने बताया कि वे अब वहां रुककर काम नहीं करना चाहते। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई और ट्रेन से मुंबई रवाना कर दिया।

हालांकि, पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसलिए फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। यदि भविष्य में शिकायत मिलती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *