महाकाल की शरण में पहुंचीं अभिनेत्री रूपा गांगुली, भस्म आरती में हुईं शामिल; बोलीं- जो कुछ हूं, बाबा की कृपा से हूं

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार तड़के प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री रूपा गांगुली बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचीं। उज्जैन पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले भगवान महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में हिस्सा लिया और करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आरती के दिव्य दर्शन किए।

भस्म आरती के दौरान अभिनेत्री पूरी तरह से बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आईं। आरती के बाद उन्होंने चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया और नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

मीडिया से बातचीत के दौरान रूपा गांगुली ने कहा कि वह जब भी मानसिक रूप से विचलित होती हैं, सीधे बाबा महाकाल के दरबार में चली आती हैं। उन्होंने कहा, “आज मैं जो भी हूं, वह बाबा महाकाल की कृपा से हूं। भस्म आरती में शामिल होकर जो शांति मिलती है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”

उन्होंने आगे कहा कि महाकाल की नगरी में आकर उन्हें हमेशा एक अलग ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव होता है। यही वजह है कि वह समय-समय पर बाबा के दर्शन के लिए उज्जैन आती रहती हैं।

एक बार फिर महाकाल के दरबार में पहुंचीं रूपा गांगुली की यह यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है और उनके इस आध्यात्मिक रूप को देखकर उनके प्रशंसक भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *