इंदौर से सीएम मोहन यादव का बड़ा संदेश, बोले- यूसीसी आजादी के सपनों को साकार करने वाला कानून

इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को इंदौर पहुंचे, जहां देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली, जब हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के प्रतिनिधि एक साथ एयरपोर्ट पहुंचे और मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी विधेयक पारित होने के बाद विभिन्न समुदायों के लोगों की यह एकजुट मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक समरसता और समान अधिकारों की दिशा में एक सकारात्मक संदेश बताया।

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता सिर्फ एक कानून नहीं है, बल्कि यह उन स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था।

उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां हर नागरिक के लिए समान अधिकार और समान कानून हो। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उसी संकल्प को जमीन पर उतारा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यूसीसी लागू करने से पहले प्रदेश सरकार ने व्यापक स्तर पर जनसंवाद किया। करीब दो महीने तक चलाए गए अभियान में तीन करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई और 10 लाख से ज्यादा सुझाव प्राप्त हुए। इन्हीं सुझावों के आधार पर कानून को अंतिम रूप दिया गया।

उन्होंने कहा कि अब मध्य प्रदेश उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और वसीयत जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था लागू होगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, “एक देश, एक विधान और समान कानून” लोकतंत्र की मूल भावना है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदौर के विकास की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर आज स्वच्छता के साथ-साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे में भी देश के लिए मिसाल बन चुका है। डबल डेकर ब्रिज, मेट्रो कॉरिडोर और नई परियोजनाएं शहर को नई पहचान दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया है। वहीं, एयरपोर्ट पर विभिन्न धर्मों के लोगों द्वारा एक साथ किया गया स्वागत इस पूरे दौरे का सबसे चर्चित और महत्वपूर्ण पहलू बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *