भोपाल। मध्य प्रदेश की होनहार बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती सितारा क्रांति गौड़ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट ऑनर्स बोर्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाली क्रांति गौड़ को मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहन स्वरूप 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और क्रांति गौड़ ने प्रदेश में एक नई खेल क्रांति की शुरुआत की है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
सम्मान समारोह के बाद क्रांति गौड़ ने मध्य प्रदेश खेल अकादमी के युवा खिलाड़ियों और अन्य क्रिकेटरों से संवाद भी किया। उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘खेलो बढ़ो अभियान’ के तहत सांसद कप और विधायक कप जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों से भी प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।
क्रांति गौड़ की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटे शहरों और गांवों से निकलकर भी दुनिया के सबसे बड़े मंच पर इतिहास रचा जा सकता है।

