इंदौर एयरपोर्ट पर मिले दिग्विजय सिंह और सीएम मोहन यादव! 20 मिनट की बातचीत के बाद तेज हुई सियासी चर्चाएं

इंदौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब इंदौर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें से लगभग 5 मिनट तक दोनों ने अलग से भी चर्चा की। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से इंदौर पहुंचे थे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पुणे जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान वीआईपी लाउंज में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई और कई मुद्दों पर बातचीत हुई।

बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, छात्र आंदोलन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। एयरपोर्ट पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला और भाजपा नेता सावन सोनकर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी सामने आया। चर्चा के बीच दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेता सावन सोनकर की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे सांवेर विधानसभा सीट से चुनाव की तैयारी करें। इस बयान के बाद वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए चौंक गए और सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

इतना ही नहीं, दिग्विजय सिंह ने अपने एक कार्यकर्ता गोपाल यादव का परिचय मुख्यमंत्री से कराते हुए मुस्कुराते हुए कहा कि, “हमारे पास भी एक यादव है।” इस पर गोपाल यादव ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया, “गोपाल आपका है और यादव मुख्यमंत्री जी का।”

इंदौर एयरपोर्ट पर हुई यह मुलाकात अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन चुकी है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच हुई निजी बातचीत में क्या चर्चा हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। लेकिन इतना तय है कि इस मुलाकात ने मध्य प्रदेश के राजनीतिक माहौल को एक बार फिर गर्मा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *